नई दिल्ली। मुंबई के जाने-माने बल्लेबाज अभिषेक नायर रन बरसाने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने बल्ले से नहीं, बल्कि गेंदों से रन बरसाए। आपको सुनकर जरूर हैरानी होगी कि आखिर ऐसा कैसे हुआ? जनाब, इस पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाज ने एक ओवर में 17 गेंदें फेंकी, जिसमें 10 वाइड और 1 नो बॉल थी।
यह वाकया दक्षिण और पश्चिम जोन के बीच खेले गए देवधर ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल का है। दक्षिण जोन के खिलाफ अभिषेक नायर को पश्चिम जोन की तरफ से 12वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कमाल तो तब हुआ, जब उन्होंने पहली गेंद पर ही जीएच बिहारी को आउट कर दिया, लेकिन यह खुशी बहुत देर तक नहीं रही, क्योंकि वह ओवर खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। देखते-देखते नायर ने उस ओवर में 17 गेंदें फेंक डाली। काफी मुश्किलों के बाद वह ओवर समाप्त हुआ।
आइए जानते हैं उस ओवर का पूरा लेखा-जोखा
पहली गेंद – जीएच बिहारी आउट
दूसरी गेंद – दिनेश कार्तिक ने फाइन लेग पर 2 रन लिए
तीसरी गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
चौथी गेंद – कोई रन नहीं
पांचवीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
छठी गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
7वीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
8वीं गेंद – सही गेंद, पर कोई रन नहीं
9वीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
10वीं गेंद – सही गेंद, कोई रन नहीं
11वीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
12वीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
13वीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
14वीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
15वीं गेंद – वाइड, 1 अतिरिक्त रन
16वीं गेंद – नो बॉल, 1 अतिरिक्त रन
17वीं गेंद – सही गेंद, पर कोई रन नहीं