कांग्रेस नेता विखे पाटिल के बेटे सुजय भाजपा में शामिल, मिल सकता है लोकसभा का टिकट

- नेता विपक्ष विखे पाटिल ने बेटे के भाजपा में शामिल होने पर नहीं दी प्रतिक्रिया
- सुजय को भाजपा अहमदनगर से लोकसभा का टिकट दे सकती है
- अहमदनगर से मौजूदा सांसद के समर्थकों ने विरोध जताया, धरने पर बैठे
मुंबई. कांग्रेस विधायक और विधानसभा में नेता विपक्ष राधाकृष्ण विखे पाटिल के बेटे सुजय पाटिल मंगलवार को भाजपा में शामिल हुए। मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। लोकसभा चुनावों से पहले सुजय की भाजपा में एंट्री को कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
लोकसभा टिकट के लिए भेजा सुजय का नाम
सुजय को शामिल करने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “राज्य इकाई द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए सुजय का नाम सेंट्रल पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिया गया है। हमें उम्मीद है की पार्लियामेंट्री बोर्ड हमारी सिफारिश पर विचार करेगी।”
अहमदनगर से टिकट देने का पार्टी में विरोध
सुजय को अहमदनगर से बीजेपी के टिकट पर लड़ाने की खबरों के बाद सोमवार को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय में वर्तमान सांसद दिलीप गांधी के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। यहां लोकसभा चुनाव के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया था। बैठक में शामिल होने के लिए फडणवीस भी पहुंचे थे। समर्थकों ने मुख्यमंत्री से गांधी को दोबारा टिकट देने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी के साथ कोई भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।