मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने किया श्री महाकाल महालोक का भ्रमण और देखा लाइट एंड साउंड शो

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री श्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में स्थित श्री महाकाल महालोक का भ्रमण किया। संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने महाकाल लोक में स्थापित भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर संहार सहित अन्य प्रतिमाओं की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव व केंद्रीय मंत्री श्री श्री मनोहर लाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने रुद्र सागर में आयोजित लाइट एंड साउंड शो देखा।

श्री महाकाल महालोक के रुद्र सागर किनारे बने मंच पर अतिथियों के पहुंचते ही श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित श्री महाकाल बैंड के सदस्यों ने “महाकाल सरकार मेरे महाकाल सरकार” गीत की संगीतमय प्रस्तुति दी। इसके बाद लाइट एंड साउंड शो में लेजर लाइट, वॉटर स्क्रीन और शानदार साउंड इफेक्ट्स के जरिए बाबा महाकाल, माँ शिप्रा और प्राचीन अवंतिका नगरी (उज्जैन) की पौराणिक कथाओं को बहुत ही मनमोहक तरीके से दर्शाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल को महाकाल लोक की जानकारी दी

लाइट एंड साउंड लेजर शो देखने के बाद ई-कार्ट में बैठकर श्री महाकाल महालोक के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल को श्री महाकाल महालोक में स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं की जानकारी दी।

इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री संजय अग्रवाल, अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे, आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री संकेत भोंडवे सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *