मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली की रात उज्जैन का नगर भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने शहर के नागरिकों से मुलाकात की और सभी को दीपावली की मंगलकामनाएं देकर मिठाई खिलायी।
डॉ. यादव ने फ्रीगंज शहीद पार्क टावर चौक, तंबाकू बाजार ,संदीपनी चौराहा से लेकर माता मंदिर चौराहा आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर नागरिकों से मुलाकात की । नागरिकों ने भी भारी उत्साह के साथ जगह-जगह मुख्यमंत्री का फूल मालाओं एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नागरिकों के साथ फोटो और सेल्फी भी खिंचवाई और नागरिकों के आह्लाद में सहभागी बने। नगर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलार किया तथा स्नेहिल आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को मिठाई खिलाई, तो नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री को मिठाई खिलाई। उज्जैन के फ्रीगंज में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग प्रजापति दम्पति से अत्यंत आत्मीयता से चर्चाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। दम्पति को मिठाई भी प्रदान की। इसके आगे मुख्यमंत्री ने गन्ने की दुकान पर रुककर गन्ने का रस पिया तथा दुकानदार श्री मोहन तथा श्री ललित भाटी को गन्ने के रस का मूल्य दिया। इस क्षेत्र में मुस्लिम समाजजनों द्वारा भी मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण स्वागत-अभिनंदन किया गया।
इसी दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्थानीय सिख गुरुद्वारे में भी पहुंचे गुरुद्वारे में मुख्यमंत्री ने मत्था टेका। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत सम्मान-अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्बोधन देते हुए गुरुजी की महिमा का वर्णन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हृदय अस्पताल पहुंच कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने दुकानों/प्रतिष्ठानों में संचालकों से मुलाकात की तथा दीपावली की मंगलकामनाओं का आदान-प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने बाजार क्षेत्र में मौजूद स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर उनको दीपावली की मिठाई तथा उपहार प्रदान किये।
मुख्यमंत्री डा. यादव ने श्री गणेश मंदिर तथा चामुंडा माता मंदिर पहुंचकर यहां दर्शन-पूजन किया एवं प्रदेश के सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की।

